सक्ती सहित कई जिलों में बाढ़ का अलर्ट, बांगो डेम के 7 गेट खोले गए
सक्ती, 15 अगस्त 2026। कोरबा जिले के मिनीमाता बांगो जलाशय में लगातार बारिश के चलते जलभराव बढ़ गया है। जलाशय में पानी की आवक बढ़ने के बाद सुरक्षा की दृष्टि से बांगो डेम के 7 गेट खोल दिए गए हैं। करीब 25 हजार क्यूसेक पानी बाहर छोड़ा जा रहा है। इसके चलते हसदेव नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी की संभावना है।
हसदेव नदी के बहाव क्षेत्र में चांपा के बाद महानदी में संगम होने के पश्चात शिवरीनारायण, भटगांव, हसौद, चंद्रपुर और सरिया क्षेत्र में महानदी का जलस्तर बढ़ने की आशंका जताई गई है। इससे जांजगीर-चांपा, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और रायगढ़ जिले के नदी किनारे बसे क्षेत्रों पर असर पड़ सकता है।
जल संसाधन विभाग द्वारा मिरौनी, साराडीह और कलमा सहित विभिन्न बैराज क्षेत्रों में जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है। कोरबा सहित जांजगीर-चांपा, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और रायगढ़ जिला प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
प्रशासन ने महानदी के तटवर्ती गांवों में रहने वाले ग्रामीणों से सतर्क रहने और नदी के आसपास नहीं जाने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए बचाव दलों को तैनात रखा गया है। प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।



