हल्क फिटनेस क्लब के खिलाड़ियों ने मिनी इंडिया चैंपियनशिप में जीते कई पदक, जिले का बढ़ाया मान
बॉडीबिल्डिंग और पावरलिफ्टिंग में शानदार प्रदर्शन | स्वर्ण, रजत पदकों की झड़ी | जांजगीर-चांपा के खिलाड़ियों का राष्ट्रीय मंच पर दम
जांजगीर-चांपा। जिले के प्रतिष्ठित हल्क फिटनेस क्लब के खिलाड़ियों ने रायपुर में आयोजित “मिनी इंडिया पावरलिफ्टिंग एवं बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप-2026” में शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए हैं। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिले में खुशी का माहौल है और खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई दी है।
रायपुर जिला बॉडीबिल्डिंग एसोसिएशन एवं छत्तीसगढ़ पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देशभर के खिलाड़ियों ने भाग लिया। जांजगीर-चांपा के हल्क फिटनेस क्लब के प्रतिभागियों ने अपने दमदार प्रदर्शन से जिले का नाम रोशन किया।
प्रतियोगिता में चंद्रहास विश्वकर्मा ने बॉडीबिल्डिंग में स्वर्ण पदक जीतकर पहला स्थान हासिल किया, वहीं मेन्स फिजीक स्पर्धा में पांचवां स्थान प्राप्त किया। राकेश कुमार कुम्हार ने बॉडीबिल्डिंग में रजत पदक जीतकर दूसरा स्थान हासिल किया। गौरव बरेठ ने दिव्यांग वर्ग में दूसरा स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
वहीं गजानंद “गज्जू” मैन्यूर ने मेन्स फिजीक और जीन्स मॉडलिंग प्रतियोगिता में चौथा स्थान हासिल किया। पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में हर्ष पाटले ने 59 किलोग्राम वर्ग में दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। यश पटेल ने 50 किलोग्राम वर्ग में दूसरा स्थान प्राप्त किया।
खिलाड़ियों की इस सफलता के पीछे क्लब के प्रशिक्षक किशन वर्मा और कैलाश वर्मा का महत्वपूर्ण योगदान माना जा रहा है। दोनों प्रशिक्षक पिछले एक दशक से खिलाड़ियों को नियमित प्रशिक्षण देकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार कर रहे हैं।
क्लब से जुड़े खिलाड़ियों ने बॉडीबिल्डिंग, पावरलिफ्टिंग, फिटनेस मॉडलिंग और अन्य खेलों में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले को नई पहचान दिलाई है। खेल प्रेमियों और जिलेवासियों ने खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
हल्क फिटनेस क्लब के प्रशिक्षकों ने युवाओं से नियमित व्यायाम और फिटनेस को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर ही सफलता की सबसे बड़ी पूंजी है।



