Portable AC Vs Regular AC: कम खर्च में कौन देगा दमदार कूलिंग? खरीदने से पहले जान लें
नई दिल्ली। गर्मियों का मौसम आ गया है और अब घर या ऑफिस के लिए एक बढ़िया एयर कंडीशनर चुनना काफी ज्यादा जरूरी हो गया है, लेकिन आजकल मार्केट में AC लेने जाओ तो अब सिर्फ रेगुलर AC ही नहीं बल्कि Portable AC भी आ गए हैं जिन्होंने अब एक नया कंफ्यूजन पैदा कर दिया है।
जी हां, अब बहुत से लोग इस बात से भी परेशान हो रहे हैं कि क्या पोर्टेबल AC लेना बेहतर है या फिर रेगुलर AC ही सही ऑप्शन है? दोनों के अपने फायदे और सीमाएं हैं, इसलिए खरीदारी से पहले इनका फर्क जानना जरूरी हो गया है। चलिए पहले जानते हैं कि पोर्टेबल AC क्या है और किसके लिए बेस्ट है।
क्या है पोर्टेबल AC और किसके लिए बेस्ट?
पहले बात करें पोर्टेबल AC की तो ये एक ऐसा एयर कंडीशनर है जिसे आसानी से एक जगह से दूसरी जगह ले जा सकते हैं। इसमें इंस्टॉलेशन की जरूरत काफी कम पड़ती है और इसे प्लग-इन करके फटाफट यूज किया जा सकता है। साइज में ये काफी छोटे होते हैं और छोटे रूम्स, किराए के घरों या उन एरिया के लिए अच्छा ऑप्शन हैं जहां दीवार पर AC लगवाना संभव नहीं है।
हालांकि, ऐसा देखा गया है कि पोर्टेबल AC की कूलिंग कैपेसिटी स्प्लिट या विंडो AC के मुकाबले थोड़ी कम होती है। इसके साथ ही, इसमें एग्जॉस्ट पाइप की भी जरूरत पड़ती है, जिसे खिड़की के बाहर रखना पड़ता है। नॉर्मल AC के मुकाबले ये थोड़ा शोर भी करता है, जो कुछ यूजर्स के लिए दिक्कत दे सकता है।
रेगुलर AC कैसे है बेहतर?
दूसरी तरफ रेगुलर AC यानी स्प्लिट या विंडो AC लंबे टाइम से लोगों की पहली पसंद रहे हैं और आज भी लोग इन्हें खूब पसंद करते हैं। ये AC बेहतरीन कूलिंग, कम शोर और ज्यादा स्टेबल परफॉर्मेंस ऑफर करते हैं। खासकर बड़े रूम्स या ज्यादा गर्म एरिया में रेगुलर AC ज्यादा असरदार होते हैं।
खासकर इन्वर्टर टेक्नोलॉजी वाले AC तो बिजली की खपत भी कम करते हैं। हालांकि, इनकी इंस्टॉलेशन में टाइम और खर्च दोनों लगता है और इन्हें एक जगह से दूसरी जगह ले जाना थोड़ा मुश्किल है। हालांकि रेगुलर AC कम खर्च में ज्यादा दमदार कूलिंग देता है, जबकि Portable AC सस्ता दिखाई जरूर देता है लेकिन लंबे टाइम में उतना फायदेमंद नहीं है।
कौन-सा AC आपके लिए बेस्ट?
अगर आप कहीं किराए के घर में रहते हैं और बार-बार शिफ्ट करते रहते हैं तो ऐसे में छोटे रूम के लिए पोर्टेबल AC एक सुविधाजनक ऑप्शन हो सकता है, लेकिन अगर आपको अच्छी कूलिंग, कम शोर और लंबे टाइम तक इस्तेमाल के लिए AC चाहिए तो रेगुलर AC बेस्ट है।



