आबकारी विभाग में 722 पदों पर निकली भर्ती, चार जून से ये अभ्यर्थी ही कर सकेंगे आवेदन
लखनऊ। इंटरमीडिएट उत्तीर्ण और प्रारंभिक अर्हता परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थियों के लिए आबकारी सिपाही बनने का मौका है। इसके 722 पदों पर भर्ती परीक्षा के लिए चार जून से ऑनलाइन आवेदन शुरू होंगे।
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने इन पदों पर भर्ती के लिए मुख्य परीक्षा का विज्ञापन जारी कर दिया है। यह भर्ती आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश प्रयागराज के नियंत्रणाधीन होगी। आनलाइन आवेदन की प्रक्रिया चार जून से शुरू होकर 24 जून तक चलेगी। अभ्यर्थी इसी अवधि में आवेदन के साथ शुल्क भी जमा कर सकेंगे।
आवेदन में संशोधन और शुल्क समायोजन की अंतिम तिथि एक जुलाई निर्धारित की गई है। मुख्य परीक्षा में केवल वही अभ्यर्थी आवेदन कर पाएंगे, जिन्होंने आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा ( पीईटी-2025) में हिस्सा लिया है और जिनका स्कोर कार्ड जारी किया गया हो। पीईटी के स्कोर के आधार पर अभ्यर्थियों को शार्टलिस्ट किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को ही मुख्य परीक्षा में बैठने का मौका मिलेगा।
मुख्य परीक्षा के लिए सभी वर्गों के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 25 रुपये तय किया गया है। परीक्षा में 100 अंकों के बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा में इतिहास, भूगोल, राजनीति, सामान्य विज्ञान, समसामयिक घटनाएं, उत्तर प्रदेश की आबकारी नीतियां, कंप्यूटर और सूचना प्रौद्योगिकी की मूल अवधारणाएं व उत्तर प्रदेश से जुड़ा सामान्य ज्ञान शामिल होगा। इच्छुक अभ्यर्थी शारीरिक दक्षता से जुड़े मानक और अन्य नियमों की विस्तृत जानकारी आयोग की वेबसाइट पर देख सकते हैं।



