पिता की हत्या करने वाला आरोपी पुत्र गिरफ्तार, लोहे के पाइप से किया था हमला


सक्ती/डभरा। जिले के डभरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रामभांठा में हुए सनसनीखेज हत्या मामले का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 26 मार्च 2026 को डभरा थाना में सूचना प्राप्त हुई कि एक युवक ने अपने ही पिता पर प्राणघातक हमला कर फरार हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल को अवगत कराया गया, जिसके बाद उनके निर्देशन में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी सुमित कुमार महिलांगे (35 वर्ष) ने बिजली कनेक्शन को लेकर हुए विवाद में अपने पिता मनबोध महिलांगे पर लोहे के पाइप से हमला कर दिया। इस हमले में पिता के सिर, चेहरे और आंख पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी की मानसिक स्थिति पिछले कुछ वर्षों से ठीक नहीं थी। इस संबंध में तथ्यों की पुष्टि की जा रही है।
घटना के बाद थाना डभरा में अपराध क्रमांक 97/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया और उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का पाइप भी जब्त किया गया।
एफएसएल टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण, मर्ग पंचनामा एवं गवाहों के बयान सहित सभी आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूर्ण करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इनका रहा विशेष योगदान
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कमल किशोर महतो, सउनि हरनारायण ताम्रकर, संतोष पाण्डेय, प्रधान आरक्षक शिव शर्मा, आरक्षक जोगेश राठौर, लक्ष्मीकांत उरांव, कुजबिहारी चंद्रा एवं राजेश धिरहे की सराहनीय भूमिका रही।



