सरकारी नौकरी का जबरदस्त मौका, 15 हजार से ज्यादा पदों पर होगी भर्ती
नई दिल्ली (SSC CGL 2025 Vacancy). सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए कर्मचारी चयन आयोग ने बड़ा अपडेट जारी किया है. आयोग ने संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा (CGL) 2025 के लिए वैकेंसी चार्ट जारी कर दिया है. इस साल कुल 15,130 पदों पर भर्ती की जाएगी, जो पिछले कुछ सालों के मुकाबले अच्छी संख्या मानी जा रही है. इन पदों पर नियुक्तियां केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों, विभागों और संगठनों में की जाएंगी.
एसएससी के इस वैकेंसी चार्ट के बाद अब अभ्यर्थियों को अपनी पसंद के पदों का चुनाव करने का अवसर मिलेगा. आयोग ने स्पष्ट किया है कि विभिन्न पदों के लिए ‘ऑप्शन-कम-प्रिफरेंस’ विंडो इसी महीने यानी मार्च में खोल दी जाएगी. उम्मीदवारों की सुविधा के लिए ऑफिशियल वेबसाइट ssc.gov.in पर एसएससी सीजीएल भर्ती सैंपल फॉर्म भी अपलोड किया गया है. इससे एसएससी फॉर्म भरने की पूरी प्रक्रिया समझ में आएगी और गलतियों से बचा जा सकेगा.
15 हजार से ज्यादा पदों पर सरकारी नौकरी का मौका
कर्मचारी चयन आयोग की तरफ से जारी फाइनल चार्ट के अनुसार, कुल 15,130 रिक्तियों को विभिन्न श्रेणियों में बांटा गया है. इसमें सबसे अधिक 6,464 पद अनारक्षित (जनरल) श्रेणी के लिए रखे गए हैं. अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए 3,834 पद, अनुसूचित जाति (एससी) के लिए 2,223 पद और अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए 1,134 पद निर्धारित किए गए हैं. वहीं, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के अभ्यर्थियों के लिए 1,475 सीटें आरक्षित की गई हैं.
अभ्यर्थियों के लिए सबसे महत्वपूर्ण जानकारी यह है कि उन्हें अपनी पसंद का पद और विभाग चुनने के लिए ‘ऑप्शन-कम-प्रिफरेंस’ विंडो का इस्तेमाल करना होगा. SSC ने इशारा किया है कि यह विंडो मार्च 2026 के दौरान ही एक्टिव हो जाएगी. आयोग ने सलाह दी है कि उम्मीदवार अपनी शैक्षणिक योग्यता और पदों के लिए जरूरी शारीरिक मानकों की जांच पहले ही कर लें. वेबसाइट पर उपलब्ध सैंपल फॉर्म के जरिए अभ्यर्थी समझ सकते हैं कि उन्हें ऑनलाइन फॉर्म कैसे भरना है.
सावधानी से भरें विकल्प, नहीं मिलेगा सुधार का मौका
आयोग ने सख्त निर्देश दिए हैं कि एक बार ‘ऑप्शन-कम-प्रिफरेंस’ फॉर्म को अंतिम रूप से सबमिट करने के बाद उसमें किसी भी तरपह का बदलाव संभव नहीं होगा. अगर कोई उम्मीदवार डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के दौरान किसी पद के लिए जरूरी योग्यता पूरी नहीं करता पाया गया तो उसकी उम्मीदवारी तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी जाएगी. इसलिए उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे वरीयता क्रम भरते समय पूरी सावधानी बरतें और एसएससी के निर्देशों का पालन करें.
सरकारी मंत्रालयों में सेवा का अवसर
एसएससी सीजीएल परीक्षा के जरिए चयनित उम्मीदवारों को भारत सरकार के प्रतिष्ठित मंत्रालयों (जैसे विदेश मंत्रालय, आयकर विभाग, केंद्रीय उत्पाद शुल्क और सीबीआई आदि विभागों) में ग्रुप ‘B’ और ग्रुप ‘C’ के पदों पर काम करने का मौका मिलता है. 15 हजार से अधिक पदों की यह घोषणा लाखों स्नातक युवाओं के लिए सुनहरा अवसर लेकर आई है. एसएससी सीजीएल 2025 वैकेंसी से जुड़ा हर लेटेस्ट अपडेट कर्मचारी चयन आयोग की ऑफिशियल वेबसाइट ssc.gov.in पर ही चेक करें.



