*हसौद थाना में होली पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित*

सक्ती- आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना हसौद परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। यह बैठक सक्ती पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा हसौद थाना प्रभारी के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।
बैठक में थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले विभिन्न ग्रामों के जनप्रतिनिधि, सरपंच, उपसरपंच, कोटवार तथा गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित जनों से होली पर्व को आपसी भाईचारे, प्रेम और सद्भाव के साथ मनाने की अपील की।
हसौद थाना पुलिस ने कहा कि होली रंगों का त्योहार है, जिसे शांति और सामाजिक समानता के साथ मनाया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि, हुड़दंग, जबरन रंग डालने, शराब सेवन कर उपद्रव करने या कानून-व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पर्व के दौरान क्षेत्र में पुलिस की गश्त बढ़ाई जाएगी तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी प्रशासन को सहयोग का आश्वासन दिया और कहा कि वे अपने-अपने ग्रामों में लोगों को शांति एवं सद्भाव के साथ त्योहार मनाने के लिए प्रेरित करेंगे इस अवसर पर सुरेंद्र भार्गव (प्रदेश सचिव, कांग्रेस), उमाशंकर बर्मन (सरपंच, गुडरूकला), मधुसूदन साहू, रितेश साहू, लाला मित्तल (सरपंच प्रतिनिधि, मल्दा), सेतराम साहू (सरपंच, चिस्दा), ओमप्रकाश बर्मन (उपसरपंच, परसदा), चेतन प्रसाद साहू (सरपंच, गुंजियाबोड़), योगेंद्र साहू सहित क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
पुलिस प्रशासन ने अंत में सभी नागरिकों से अपील की कि होली के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके और क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रखी जा सके।



