ग्राम छपोरा के पास मंगलवार को एक कैप्सूल ट्रक ने बाइक सवार युवक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना दर्दनाक था कि युवक का पैर बुरी तरह टूट गया और हड्डी बाहर निकल आई। उसके सिर पर भी गंभीर चोट लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देर शाम तक छपोरा-हसौद मार्ग पर चक्काजाम रहा। इधर, फरार ट्रक चालक को पुलिस ने हसौद थाना के पास पकड़ लिया। ग्राम छपोरा निवासी तरुण कुमार दोपहर करीब 12 बजे किसी काम से अपनी बाइक लेकर घर से निकला था। वह छपोरा पुलिस चौकी के पास पहुंचा ही था कि सामने से आ रही कैप्सूल ट्रक सीजी 22 एच 5515 के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का लोहे का हिस्सा उसके सिर पर जा लगा। उसकी जांघ की हड्डी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और पैर की हड्डी बाहर निकल आई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई, लेकिन तब तक तरुण दम तोड़ चुका था। इसके बाद ग्रामीणों ने मुआवजे और आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर शव को सड़क पर रख चक्काजाम कर दिया।



