Baloda Bazar गांजा तस्करी मामले में उड़ीसा सप्लायर गिरफ्तार, 7.938 किलो गांजा समेत 3.96 लाख का माल जब्त…
बलौदाबाजार-भाटापारा
अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी और बिक्री के मामले में चौकी बया पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में उड़ीसा से गांजा सप्लाई करने वाले आरोपी को पकड़ते हुए सप्लाई चैन तोड़ने में सफलता हासिल की है।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 07 जनवरी 2026 को साइबर सेल और चौकी बया की संयुक्त टीम ने ग्राम बार में घेराबंदी कर सूरज सेन उर्फ परसूराम और फलेश साहू को स्कूटी के माध्यम से गांजा तस्करी करते हुए पकड़ा था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7.938 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत लगभग 3 लाख 96 हजार 900 रुपये आंकी गई है, एक बिना नंबर जुपिटर स्कूटी और एक मोबाइल फोन जब्त किया था। इस मामले में अपराध क्रमांक 06/2026 धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देश पर मामले की गहन जांच की गई। एंड-टू-एंड विवेचना के दौरान पुलिस ने उड़ीसा राज्य से गांजा सप्लाई करने वाले मुख्य आरोपी कुलमणी साहू उर्फ घसिया, निवासी देवांनपाली (जिला बरगढ़, उड़ीसा) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों को गांजा सप्लाई करना स्वीकार किया।
आरोपी कुलमणी साहू को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।



