Janjgir champa News – गांव को अपराधमुक्त बनाने 80 महिलाओं की कमांडो टीम गठित, पुलिस–जनप्रतिनिधियों की संयुक्त पहल
जांजगीर-चांपा | 06 फरवरी 2026
जिले में नशे, अवैध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से गांव स्तर पर महिला कमांडो टीम का गठन किया जा रहा है। इसी कड़ी में ग्राम पिसौद के कूटी आश्रम परिसर में पुलिस और ग्रामीणों के सहयोग से 80 महिलाओं की महिला कमांडो टीम का गठन किया गया।
यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS) की पहल पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप, सीएसपी कोतवाली योगिता बाली खापर्डे के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कोतवाली जयप्रकाश गुप्ता के निर्देशन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में ग्राम सरपंच धजाराम साहू, पंच, बीडीसी एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में महिला कमांडो टीम का गठन किया गया। इस दौरान सीएसपी कोतवाली ने महिलाओं को गांव में नशे के कारोबार, अवैध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर सतत निगरानी रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंचाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
वहीं थाना प्रभारी ने महिला कमांडो टीम और ग्रामीणों को थाने का संपर्क नंबर उपलब्ध कराते हुए किसी भी समस्या या सूचना की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करने की समझाइश दी। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला कमांडो टीम गांव में पुलिस की प्रतिनिधि के रूप में कार्य करेगी। टीम के गठन से गांव का माहौल सुरक्षित बनेगा और अपराधमुक्त वातावरण तैयार करने में अहम भूमिका निभाई जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि महिला कमांडो टीम के सहयोग से अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



