पामगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 8 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
जांजगीर–चांपा जिले में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में थाना पामगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 8 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक जांजगीर–चांपा श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में जिलेभर में अवैध शराब के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उमेश कश्यप के मार्गदर्शन में थाना पामगढ़ पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम मुड़पार (चु) क्षेत्र में अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब का विक्रय किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित रेड कार्रवाई की।
रेड के दौरान आरोपी भरत यादव, उम्र 57 वर्ष, निवासी ग्राम मुड़पार (चु), थाना पामगढ़, जिला जांजगीर–चांपा को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 08 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1600 रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके पर ही शराब को जप्त कर लिया।
आरोपी के विरुद्ध थाना पामगढ़ में अपराध क्रमांक 56/26, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। विधिवत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर दिनांक 06 फरवरी 2026 को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सावन सारथी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अहम भूमिका निभाई। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक राजेश कोशले, आरक्षक भुवनेश्वर पटेल, उमेश दिवाकर, श्याम ओग्रे एवं महिला आरक्षक सविता पटेल का विशेष योगदान रहा।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



