Cg News korba उद्योगपति गौतम अडानी..पताड़ी पावर प्लांट का किया दौरा, ₹15,000 करोड़ के विस्तार की तैयारी
कोरबा।अडानी समूह के प्रमुख गौतम अडानी ने 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर कोरबा–चांपा मार्ग स्थित पताड़ी पावर प्लांट का विशेष दौरा किया। उनके इस प्रवास को कोरबा के औद्योगिक विकास की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
इस दौरान उनके साथ अडानी पावर लिमिटेड के वरिष्ठ अधिकारी विनीत जैन, पूर्व आईएएस अमन सिंह और नरेश गोयल भी मौजूद रहे।
पौधरोपण से दिया पर्यावरण का संदेश….
प्लांट परिसर पहुंचने पर गौतम अडानी ने स्मृति स्वरूप पौधरोपण किया। इसके बाद उन्होंने कंट्रोल रूम, कोल हैंडलिंग प्लांट और निर्माणाधीन क्षेत्रों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने अभियंत्रण और संचालन से जुड़े सभी कार्यों की स्वयं समीक्षा की और अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट प्राप्त की।
कर्मचारियों से सीधे संवाद, दिखा सहज नेतृत्व…
निरीक्षण के दौरान गौतम अडानी प्रोटोकॉल से हटकर सीधे आम कर्मचारियों के बीच पहुंचे और उनसे संवाद किया। उनकी सरलता और आत्मीय व्यवहार की पूरे प्लांट में सराहना हुई। कर्मचारियों का कहना है कि चेयरमैन का ऐसा व्यवहार उन्हें और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करता है।
₹15,000 करोड़ के तीसरे चरण का विस्तार….
अधिकारियों के साथ बैठक में गौतम अडानी ने तीसरे चरण के विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए। इस चरण में 800–800 मेगावाट की दो अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल टेक्नोलॉजी आधारित यूनिट्स स्थापित की जाएंगी, जिनकी अनुमानित लागत लगभग ₹15,000 करोड़ होगी।
इस परियोजना के लिए 27 फरवरी को सरगबूंदिया हायर सेकेंडरी स्कूल के खेल मैदान में पर्यावरणीय जनसुनवाई आयोजित की जाएगी।
दूसरा चरण जल्द होगा चालू….
प्रबंधन ने जानकारी दी कि दूसरे चरण की 660 मेगावाट की यूनिट्स अप्रैल–मई तक संचालन के लिए तैयार हो जाएंगी, जिससे प्लांट की कुल उत्पादन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
चौथे चरण की संभावनाओं पर भी मंथन….
गौतम अडानी ने अधिकारियों को चौथे चरण के तहत 800 मेगावाट की दो अतिरिक्त यूनिट्स लगाने की संभावनाओं का भी मूल्यांकन करने के निर्देश दिए। इससे क्षेत्र में बिजली उत्पादन और निवेश दोनों में बड़ा इजाफा हो सकता है।
लगातार पावर प्लांट्स का दौरा…
इससे पहले गौतम अडानी ने रायपुर जिले के रायखेड़ा स्थित अडानी पावर प्लांट में गणतंत्र दिवस समारोह में भाग लिया था। वहां से वे हेलीकॉप्टर द्वारा कोरबा पहुंचे, जहां उनका हेलीकॉप्टर प्लांट परिसर में बने हेलीपैड पर उतरा।
बीते दो दिनों में गौतम अडानी ने मिर्जापुर, अनूपपुर और छत्तीसगढ़ के पावर प्लांट्स का दौरा किया है। इससे स्पष्ट है कि अडानी समूह वर्तमान में अपने पावर बिज़नेस पर विशेष फोकस करते हुए आने वाले वर्षों के लिए बड़े निवेश की रणनीति पर काम कर रहा है।



