Sakti News आधी रात मनचले युवकों की हुड़दंग…
सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र में सड़क पर जन्मदिन मनाने का ‘खूनी शौक’ एक बेगुनाह ड्राइवर की जान पर भारी पड़ते-पड़ते रह गया। कुछ मनचले युवकों की हुड़दंगई ने न सिर्फ एक कैप्सूल वाहन को पलटा दिया, बल्कि ड्राइवर के साथ ऐसी हैवानियत की गई, जिसे सुनकर रूह कांप जाए।
ये तस्वीरें उस तथाकथित बर्थडे सेलिब्रेशन की गवाह हैं, जहां कानून व्यवस्था को खुलेआम चुनौती दी गई। मामला डभरा थाना क्षेत्र के सपोस गांव का है। आधी रात सड़क के बीचों-बीच कुछ युवक जन्मदिन मना रहे थे। तभी वहां से सीमेंट से भरा एक कैप्सूल वाहन गुजर रहा था।
आरोप है कि हुड़दंगियों ने वाहन को जबरन रोकने की कोशिश की, उस पर चढ़ गए और चलते वाहन से चाबी छीन ली। चाबी निकलते ही स्टीयरिंग लॉक हो गया और भारी वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गया।
हैरानी की बात यह रही कि इतना बड़ा हादसा होने के बाद भी युवकों का दिल नहीं पसीजा। वाहन पलटने के बाद ड्राइवर किसी तरह बाहर निकला, लेकिन मदद करने के बजाय आरोपियों ने उसे लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा। ड्राइवर के चेहरे और शरीर पर कई गंभीर चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही डभरा पुलिस हरकत में आई। मौके पर बने वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली गई है। मारपीट और अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।



