सीपत में तलवार लहराकर दहशत फैलाने वाला बदमाश गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट के तहत भेजा गया जेल
बिलासपुर। सीपत थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर तलवार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले एक बदमाश को सीपत पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से एक लोहे की धारदार तलवार बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 20 जनवरी 2026 को थाना सीपत को सूचना मिली कि ग्राम झलमला पचरी तालाब के पास एक व्यक्ति सार्वजनिक जगह पर धारदार तलवार हाथ में लेकर आने-जाने वाले लोगों को भयभीत कर रहा है और दहशत का माहौल बना रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी सीपत ने तत्काल आरोपी को पकड़ने के निर्देश दिए।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तलवार लहराते हुए लोगों को धमका रहे आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान रघुरेंद्र सिदार उर्फ छोटू सिदार, पिता धनीराम सिदार, उम्र 31 वर्ष, निवासी ग्राम झलमला, गोड़पारा, थाना सीपत, जिला बिलासपुर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक नग लोहे की धारदार तलवार जब्त की गई।
सीपत पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया और उसे न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।



