जांजगीर-चांपा पुलिस की कार्रवाई : ट्रेलर चालक से मारपीट कर लूट करने वाला आरोपी बिलासपुर से गिरफ्तार, चाकू व नगदी रकम बरामद
जांजगीर-चांपा/ ट्रेलर चालक से मारपीट कर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले एक आरोपी को पुलिस ने बिलासपुर से गिरफ्तार कर लिया है। वही 2 अन्य आरोपी फरार है जिनकी तलाश जारी है,घटना बलौदा थाना क्षेत्र के खिसोरा गांव की है।
मामला बलौदा थाना क्षेत्र का है। प्रार्थी दीपक बरेठ ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह ट्रेलर लेकर कोयला परिवहन कर रहा था, तभी ग्राम खिसोरा आमोस फैशन कपड़ा दुकान के पास शनिवार की रात करीब तीन बजे तीन अज्ञात बदमाश मोटरसाइकिल से पहुंचे और उस पर हमला कर दिया। आरोपी उसके मोबाइल और नगदी रकम लूटकर फरार हो गए। इसी दौरान साथ चल रहे एक अन्य ट्रेलर चालक शिवप्रकाश पांडे से भी बदमाशों ने गाली-गलौच करते हुए नगदी, मोबाइल और ड्राइविंग लाइसेंस छीन लिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर सेल और थाना बलौदा पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई। टीम ने तकनीकी विश्लेषण, मोबाइल इनपुट और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान की। इस दौरान आरोपी कलेस्वर लास्कर उर्फ सोनू पिता अशोक लास्कर, उम्र 21 वर्ष, निवासी हिडाडीह थाना सीपत जिला बिलासपुर को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने लूट की रकम में से 500 रुपये, एक मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है। जबकि अन्य दो आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।



