जांजगीर-चांपा में ‘साथी’ अभियान हेतु जिला स्तरीय समिति की विशेष बैठक आयोजित…..
जांजगीर-चांपा जिला न्यायालय सभागार में आज दिनांक 19 जून 2025 को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के निर्देशानुसार तथा छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के आदेशानुसार ‘साथी’ अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई।
इस अवसर पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री शक्ति सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में बैठक का आयोजन हुआ। बैठक में ‘साथी’ अभियान के अंतर्गत जिले में बेसहारा बच्चों की पहचान कर उन्हें आधार कार्ड, नामांकन, कानूनी सहायता तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष कार्य योजना बनाई गई।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री मनोज कुमार कुशवाहा ने अभियान के उद्देश्यों की विस्तृत जानकारी दी तथा उपस्थित सभी विभागीय अधिकारियों और समिति के सदस्यों को अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करने हेतु निर्देशित किया।
बैठक में जिला बाल संरक्षण अधिकारी, किशोर पुलिस इकाई, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, सभी तहसीलदार, पैनल अधिवक्ता, हेल्प एंड हेल्प समिति बालक गृह अधीक्षक, महिला एवं बाल विकास विभाग, देव सेवा समिति वृद्धाश्रम के अधीक्षक एवं समस्त पैरा लीगल वॉलिंटियर्स उपस्थित रहे।
सभी ने सामूहिक चर्चा कर अभियान को जिले में समय सीमा के भीतर प्रभावी रूप से लागू करने का संकल्प लिया।



