गुंडागर्दी करने वालों पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई:- 02 घंटे में 03 आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर, 27 मई 2025।
थाना सकरी क्षेत्र में एक बार फिर सकरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुंडागर्दी और मारपीट की घटना में शामिल तीन आरोपियों को महज 02 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने एक युवक से शराब पीने के लिए पैसे की मांग करते हुए चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और मारपीट की थी।
घटना के संबंध में प्रार्थी सहसराम सूर्यवंशी (उम्र 23 वर्ष), निवासी शिकारी मोहल्ला पांड, ने थाना सकरी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह 27 मई की शाम को सब्जी खरीदने बाजार गया था, जहां नया बाजार तालाब के पास बैठा हुआ था। तभी समीर यादव, राजकुमार विश्वकर्मा और निहाल यादव उर्फ लल्लू द्वारा उससे शराब पीने के लिए पैसे मांगे गए। पैसे नहीं देने पर आरोपियों ने गाली-गलौच करते हुए चाकू दिखाया और जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राजेन्द्र जायसवाल और नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) निमितेश सिंह परिहार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सकरी निरीक्षक प्रदीप आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्परता से आरोपियों को सकरी नया बाजार क्षेत्र से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया। समीर यादव के पास से एक धारदार चाकू बरामद हुआ है। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई हेतु भेजा गया है।
गिरफ्तार आरोपी इस प्रकार हैं:
1. समीर यादव (उम्र 20 वर्ष), निवासी शांति नगर, सकरी
2. राजकुमार विश्वकर्मा (उम्र 29 वर्ष), निवासी शांति नगर, सकरी
3. निहाल यादव उर्फ लल्लू (उम्र 20 वर्ष), निवासी बाजार पारा, सकरी



