जमीन विवाद में अपहरण कर हत्या करने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार
मुंगेली जिले के जरहागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरेला में हुई हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मुंगेली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस जघन्य वारदात में शामिल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में की गई। पुलिस के अनुसार, 26 दिसंबर 2025 को दोपहर करीब 2:30 से 3 बजे के बीच ग्राम बरेला स्थित पंजाब नेशनल बैंक परिसर से मृतक राजकुमार धुरी (21 वर्ष) का जमीन विवाद को लेकर आपराधिक षड्यंत्र रचकर अपहरण किया गया। आरोपियों ने उसे कार में बैठाकर अन्यत्र ले जाकर बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।
घटना के बाद आरोपियों ने मृतक को घायल अवस्था में उसके घर के पास फेंक दिया। परिजन उसे तत्काल तखतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में थाना जरहागांव में अपराध क्रमांक 194/25 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं एसडीओपी मयंक तिवारी के पर्यवेक्षण में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने संतोष कुमार साहू, पोमेश साहू, सोनू राम साहू, उत्तम साहू और समीर कोशले को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने अपराध स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार, एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी भी जब्त की है। सभी आरोपियों को 28 दिसंबर 2025 को विधिवत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। वहीं, अन्य फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना जरहागांव और साइबर सेल की टीम की भूमिका सराहनीय बताई गई



