नसों में जम रही गंदगी? कम उम्र में बढ़ते कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल करेंगे ये 5 फूड्स
नई दिल्ली। हाई कोलेस्ट्रॉल आज एक आम समस्या बन गई है। अनहेल्दी डाइट और लाइफस्टाइल की वजह से यह चुपके-चुपके नसों को ब्लॉक करता रहता है, जिसके कारण हार्ट अटैक का रिस्क काफी बढ़ जाता है। लेकिन अच्छी खबर यह है कि डाइट में कुछ फूड्स को शामिल करके कोलेस्ट्रॉल नियंत्रित किया जा सकता है।
इस बारे में डॉ. अदिति शर्मा (इंटरनल मेडिसिन) ने बताया कि अक्सर लोगों को लगता कि कोलेस्ट्रॉल बढ़ने की समस्या 40 के बाद होती है, लेकिन उनके पास कई कम उम्र के मरीज भी आते हैं, जिनका कोलेस्ट्रॉल लेवल बढ़ा होता है। ऐसे में इन फूड्स (Foods to Control Cholesterol) को डाइट शामिल करना फायदेमंद साबित हो सकता है।
दलिया
दलिया भारतीय घरों में नाश्ते का एक बेहतरीन विकल्प है। इसमें बीटा-ग्लूकन नाम का सॉल्यूबल फाइबर होता है। यह फाइबर पेट में जाकर एक जेल जैसा पदार्थ बनाता है, जो कोलेस्ट्रॉल को सोख लेता है और उसे शरीर से बाहर निकालने में मदद करता है। रोजाना एक कटोरी दलिया खाने से बैड कोलेस्ट्रॉल के स्तर में काफी कमी आ सकती है।
बादाम और अखरोट
ड्राई फ्रूट्स, खासकर बादाम और अखरोट, दिल के लिए बेहद फायदेमंद हैं। इनमें ओमेगा-3 फैटी एसिड और मोनोअनसैचुरेटेड फैट्स होते हैं। अखरोट ब्लड वेसल्स को फ्लेक्सिबल बनाए रखने में मदद करता है, जबकि बादाम गुड कोलेस्ट्रॉल को बढ़ाता है और बैड कोलेस्ट्रॉल घटाता है।
इसबगोल
अक्सर पाचन के लिए इस्तेमाल होने वाला इसबगोल कोलेस्ट्रॉल घटाने में भी बेजोड़ है। यह एक हाई क्वालिटी वाला फाइबर है। जब हम इसे खाते हैं, तो यह पित्त के साथ जुड़कर उसे शरीर से बाहर निकालता है। शरीर को नया पित्त बनाने के लिए कोलेस्ट्रॉल का इस्तेमाल करना पड़ता है, जिससे शरीर में इसका स्तर कम हो जाता है।
ग्रीन टी
अगर आप चाय के शौकीन हैं, तो दूध वाली चाय की जगह ग्रीन टी को अपनाएं। ग्रीन टी में कैटेचिन जैसे पावरफुल एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं। ग्रीन टी न केवल कोलेस्ट्रॉल के अब्जॉर्प्शन को कम करती है, बल्कि आर्टरीज में जमा होने वाले प्लाक को रोकने में भी मदद करती है। दिन में 2 कप ग्रीन टी दिल को जवान रखने के लिए काफी है।
भिंडी और हाई फाइबर सब्जियां
भिंडी जैसी लिसलिसी सब्जियों में म्यूसिलेज नाम का एक पदार्थ होता है। यह पाचन के दौरान कोलेस्ट्रॉल को बांध लेता है और उसे खून में घुलने के बजाय मल के जरिए बाहर निकाल देता है। इसके अलावा बैंगन, बीन्स और अन्य हरी सब्जियां भी फाइबर से भरपूर होती हैं, जो आर्टरीज की सफाई का काम करती हैं।



