स्कूल से लौटते समय छात्र पर चाकू से हमला, गला और हाथ में लगी चोट
हसौद। ग्राम हसौद में शनिवार को एक नाबालिग छात्र पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घायल छात्र सरस्वती शिशु मंदिर हसौद में कक्षा 6वीं का छात्र है। वह शनिवार सुबह रोज की तरह स्कूल गया था। करीब 11:45 बजे वह स्कूल से साइकिल पर घर लौट रहा था। रास्ते में नकटा पार तालाब के पास गांव के ही दो युवक गोकुल साहू और बादल सागर मिले। शाहिल के अनुसार, गोकुल ने उसे रोककर कहा कि आंख बंद करो, तुम्हारे लिए सरप्राइज है। छात्र के आंख बंद करते ही आरोपी ने अचानक चाकू से उसके गले और दोनों हाथ की उंगलियों पर वार कर दिया। इसके बाद बादल सागर ने उसके साथ हाथ-मुक्का से मारपीट की। हमले के दौरान छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके गले से खून निकलने लगा। तभी ग्राम के ही यशवंत पटेल ने उसे देखकर घर पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलते ही मां अपने घायल बेटे को लेकर थाना हसौद पहुंचीं, जहां उन्होंने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने तत्काल बच्चे को अस्पताल इलाज के लिए भेजा। थाना हसौद पुलिस ने छात्र की मां की शिकायत पर आरोपी गोकुल साहू और बादल सागर के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।



