गौठान में 6 बछड़ों की दर्दनाक मौत, आवारा कुत्तों ने किया हमला – गौ सेवकों ने की सुरक्षा व्यवस्था की मांग…
भिलाई नगर के आदर्श गौठान में मवेशियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। हाल ही में यहां आवारा कुत्तों के हमले में 6 बछड़ों की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से गौ सेवकों और स्थानीय लोगों में आक्रोश है।
यह घटना भिलाई नगर रेलवे स्टेशन के पास स्थित नगर निगम गौठान की है, जो कभी आदर्श गौठान के रूप में जाना जाता था। लेकिन अब यहां मवेशियों की देखरेख भगवान भरोसे है। बताया जा रहा है कि बीती रात कुछ आवारा कुत्तों ने गौठान में घुसकर छह बछड़ों को नोच-नोचकर मार डाला।
गौठान में कोई देखभाल नहीं हो रही। यहां रहने वाले मवेशियों को न तो सही चारा-पानी मिल रहा है और न ही सुरक्षा। प्रशासन को जल्द से जल्द इस पर ध्यान देना चाहिए।
घटना के बाद निगम के अधिकारियों ने आनन-फानन में मवेशियों के शव हटवा दिए, लेकिन गौ सेवकों ने निगम प्रशासन से मांग की है कि गौठान की सुरक्षा बढ़ाई जाए, आवारा कुत्तों की नसबंदी कराई जाए और मवेशियों के लिए उचित देखभाल की जाए।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और क्या गौठानों की व्यवस्था में कोई सुधार होता है या नहीं।