सतनाम आंदोलन : ‘सतनामी स्वाभिमान जगाओ’ साइकिल यात्रा जारी, हसौद में हुआ भव्य स्वागत

हसौद/सक्ती।
संत शिरोमणि परम पूज्य बाबा गुरु घासीदास जी के पावन आदर्शों, सतनाम विचारधारा तथा सामाजिक समरसता के संदेश को जन–जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. पीतांबर बंजारे द्वारा संचालित “सतनामी स्वाभिमान जगाओ” सतनाम आंदोलन साइकिल यात्रा हसौद पहुंची, जहां समाजजनों द्वारा उनका भव्य और उत्साहपूर्ण स्वागत किया गया।
यह साइकिल यात्रा 01 दिसंबर 2025 को गुरु पर्व के अवसर पर प्रारंभ हुई थी। अब तक डॉ. पीतांबर बंजारे 34 दिनों में सक्ती जिले के 328 गांवों का भ्रमण करते हुए लगभग 850 किलोमीटर की दूरी साइकिल से तय कर चुके हैं। यात्रा के माध्यम से वे गांव-गांव पहुंचकर बाबा गुरु घासीदास जी द्वारा बताए गए सत्य, अहिंसा, समानता, भाईचारा और मानवता के सिद्धांतों से जनता को अवगत करा रहे हैं।
हसौद स्थित अंबेडकर चौक में आयोजित स्वागत कार्यक्रम के दौरान डॉ. पीतांबर बंजारे ने स्पष्ट कहा कि यह यात्रा किसी एक जिले तक सीमित नहीं है। उन्होंने कहा—
“जब तक प्रदेश के प्रत्येक जिले में ‘सतनामी स्वाभिमान जगाओ’ साइकिल यात्रा नहीं पहुंचेगी, तब तक यह अभियान चलता रहेगा। हम गांव-गांव, जन-जन तक जाकर बाबा गुरु घासीदास जी, बाबा फुल घासीदास जी और संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी के सिद्धांतों से जनता को अवगत कराते रहेंगे।”
डॉ. बंजारे ने कहा कि यह संघर्ष सामाजिक समानता, स्वाभिमान और सामाजिकता की स्थापना के लिए है और जब तक समाज में बराबरी और सम्मान सुनिश्चित नहीं हो जाता, तब तक यह आंदोलन निरंतर जारी रहेगा।
इस अवसर पर समाज की महिलाओं, युवाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों ने फूल-मालाओं से स्वागत कर ‘जय सतनाम’ के नारों के साथ समर्थन जताया। वक्ताओं ने कहा कि यह साइकिल यात्रा समाज में जागरूकता, संगठन और आत्मसम्मान की भावना को मजबूत कर रही है।
कार्यक्रम में सतनामी समाज सहित सर्व समाज के गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, महिलाएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। अंत में सभी ने सतनाम आंदोलन को मजबूती देने और सामाजिक समानता के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।



