‘सलमान खान गुंडा है’, बोले ‘दबंग’ के डायरेक्टर, खान परिवार को लेकर किए चौंकाने वाले दावे
सुपरस्टार सलमान खान के खिलाफ एक बार फिर डायरेक्टर अभिनव कश्यप ने तीखे बोल बोले हैं. अभिनव ने सलमान और उनके परिवार पर संगीन आरोप लगाते हुए एक्टर को गुंडा बुलाया है. अभिनव ने सलमान की सुपरहिट फिल्म ‘दबंग’ डायरेक्ट की थी. जिसके बाद उनका सुपरस्टार की फैमिली संग झगड़ा हो गया था. अब एक बार फिर अभिनव ने सलमान खान और उनके परिवार को लेकर बड़ी बातें कही हैं.
आखिर क्यों सलमान खान को अभिनव कश्यप ने बुलाया ‘गुंडा’?
अभिनव ने स्क्रीन संग बातचीत में सलमान खान को लेकर कई बड़े दावे किए हैं. उन्होंने कहा है, ‘सलमान कभी इसमें शामिल नहीं होते. उन्हें एक्टिंग में भी कोई दिलचस्पी नहीं है और पिछले 25 सालों से ही नहीं है. काम पर आकर वो सिर्फ एक एहसान करते हैं. उन्हें सेलिब्रिटी होने का ज्यादा शौक है पर एक्टिंग में उनकी कोई दिलचस्पी नहीं. वो एक गुंडा है. मैं दबंग से पहले इस बात को नहीं जानता था. सलमान बदतमीज है, गंदा इंसान है.’
अभिनव ने आगे सलमान के परिवार को लेकर भी काफी कुछ कहा. डायरेक्टर का कहना है, ‘सलमान ने बॉलीवुड में स्टार सिस्टेम को बनाया है. वो एक ऐसे फिल्मी परिवार से हैं जो इंडस्ट्री में 50 सालों से है. वो बस इस प्रोसेस को बनाए हुए हैं. वो बदले की भावना से काम करने वाले लोग हैं. वो पूरे प्रोसेस को कंट्रोल करते हैं. अगर आप उनसे सहमत नहीं होते हैं, तो वो आपके पीछे पड़ जाते हैं.’
भाई अनुराग कश्यप के लिए क्या बोले अभिनव कश्यप?
दिलचस्प बात ये है कि अभिनव कश्यप, फिल्ममेकर अनुराग कश्यप के छोटे भाई हैं. उन्होंने अपनी बातचीत में आगे उस घटना का भी जिक्र किया जब अनुराग सलमान की फिल्म ‘तेरे नाम’ लिख रहे थे. अभिनव ने बताया कि अनुराग ने उन्हें सलमान संग ‘दबंग’ बनाने से पहले चेतावनी दी थी.
डायरेक्टर ने कहा, ‘तेरे नाम में अनुराग के साथ भी यही हुआ था. वो मुझे क्या गाइड या सलाह देते? उन्होंने दबंग से पहले मुझसे कहा था कि तुम सलमान के साथ फिल्म नहीं बना पाओगे. उन्होंने बस ये नहीं बताया कि मैं उनके साथ फिल्म क्यों नहीं बना पाऊंगा. उन्हें बस यही लगता था कि मैं आसानी से परेशान हो जाऊंगा, वो इन गिद्धों को जानते हैं. अनुराग ने तेरे नाम अंत में छोड़ दी थी. उन्होंने उसकी स्क्रिप्ट लिखी थी. प्रोड्यूसर बोनी कपूर ने उनके साथ बदतमीजी की थी और फिर वो छोड़कर चले गए थे. यही चीज मेरे साथ हुई.’
क्या था सलमान और अभिनव कश्यप का विवाद?
दरअसल, जब साल 2010 में दबंग हिट हुई तब खान फैमिली ने अभिनव से इसका पार्ट 2 भी डायरेक्टर करने की बात कही थी. लेकिन उन्होंने ये ऑफर ठुकरा दिया था. अभिनव ने आरोप लगाया था कि जब उन्होंने दबंग 2 बनाने से मना किया, तब खान परिवार ने उन्हें उनका करियर बर्बाद करने की धमकी दी थी. इसके बाद से ही अभिनव सुपरस्टार और फैमिली के खिलाफ बोलते नजर आए हैं.
हालांकि सलमान ने कभी अभिनव की बातों का जवाब पब्लिकली नहीं दिया है. बात करें सलमान खान की, तो ‘सिकंदर’ की फ्लॉप के बाद सुपरस्टार अपनी अगली फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ की तैयारी में लगे हुए हैं. जिसे अपूर्व लाखिया डायरेक्ट करने वाले हैं. इस फिल्म में सलमान संग चित्रांगदा सिंह बतौर फीमेल लीड शामिल होंगी.



