पुलिस ने साइबर फ्रॉड गिरोह का किया पर्दाफाश, 19 आरोपी गिरफ्तार, 97 लाख रुपए फ्रीज इस तरह से देते थे अंजाम…
बिलासपुर में ऑनलाइन साइबर ठगी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। म्यूल अकाउंट के जरिए करोड़ों की ठगी करने वाले 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इसमें बैंक कर्मचारी, म्यूल अकाउंट होल्डर और फर्जी सिम बेचने वाले शामिल हैं। पुलिस ने इन फर्जी खातों में 3 करोड़ से अधिक का ट्रांजेक्शन ट्रेस किया है और 97 लाख रुपए फ्रीज कर दिए हैं।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि गिरोह के मास्टरमाइंड अमन तिवारी और अमित पाल फर्जी बैंक खातों के एवज में खाता धारकों को मोटा कमीशन देते थे। बैंक कर्मचारियों की मिलीभगत से म्यूल अकाउंट खोले जाते थे और ठगी की रकम इन खातों में ट्रांसफर की जाती थी।
बिलासपुर साइबर पुलिस ने 20 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी कर 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में 300 से अधिक फर्जी बैंक खातों की जानकारी मिली है, जो राजस्थान से ऑपरेट किए जा रहे थे।
पुलिस ने 97 लाख रुपए फ्रीज कर दिए हैं और आगे की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि यह गिरोह संगठित तरीके से ऑनलाइन ठगी को अंजाम दे रहा था।
ऑनलाइन साइबर ठगी के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। बिलासपुर पुलिस की यह कार्रवाई एक बड़ी सफलता मानी जा रही है। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।