ऑपरेशन आघात:- 55 लाख का गांजा जब्त, क्रेटा कार से तस्करी करते दो आरोपी गिरफ्तार….
जशपुर। नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘आघात’ के तहत जशपुर पुलिस ने थाना नारायणपुर क्षेत्र अंतर्गत रानीकोंबो में पुलिस ने एक क्रेटा कार से 1 क्विंटल 85 किलो 42 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा जब्त करते हुए दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की बाजार कीमत करीब 55 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के नेतृत्व एवं निर्देश पर जशपुर पुलिस का नशा विरोधी अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में 20 जनवरी 2026 की तड़के 03 से 04 बजे के बीच थाना नारायणपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग की क्रेटा कार (UP-32-HF-0299) में गांजा छुपाकर कुनकुरी की ओर से नारायणपुर होते हुए उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए थाना नारायणपुर एवं बगीचा पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम रानीकोंबो के मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध क्रेटा कार को घेराबंदी कर रोका गया। तलाशी लेने पर कार की बीच सीट के नीचे और डिक्की में कारपेट के नीचे छुपाकर रखे गए पीले टेप से लिपटे 180 पैकेट गांजा बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम:- शान मोहम्मद उर्फ सानू (22 वर्ष), निवासी लखनऊ, उत्तर प्रदेश सुहैल अहमद (19 वर्ष), निवासी सीतापुर, उत्तर प्रदेश बताए। आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे यह गांजा उड़ीसा के मलकानगिरी से लेकर उत्तर प्रदेश ले जा रहे थे। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त क्रेटा कार और दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए हैं। मोबाइल डाटा की जांच जारी है और लखनऊ स्थित तीसरे तस्कर को भी चिन्हित कर लिया गया है, जिसकी गिरफ्तारी शीघ्र की जाएगी।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 20(बी)(2)(सी) नारकोटिक्स एक्ट के तहत थाना नारायणपुर में अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।



