घर में घुसकर चापड़ से जानलेवा हमला, कुख्यात आरोपी गिरफ्तार; मड़ई मेले में 400 लोहे के कड़े जब्त
दुर्ग जिले में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने एक के बाद एक सख्त करवाया की जा रही है। थाना सुपेला क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते घर में घुसकर लोहे के चापड़ से धमकी और मारपीट करने वाले आरोपी को एक अपचारी बालक के साथ गिरफ्तार किया गया है।
वहीं नंदनी नगर क्षेत्र में आयोजित मड़ई मेले के दौरान पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान चलाकर करीब 400 लोहे के कड़े जब्त किए हैं।
घर में घुसकर चापड़ लहराया, मां-बहन को गालियां
थाना सुपेला जिला दुर्ग में दर्ज प्रकरण के अनुसार, 8 जनवरी 2026 की रात करीब 9 बजे एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि पुरानी रंजिश के चलते दो युवक उसके घर पहुंचे। आरोपियों ने पहले गंदी-गंदी गालियां दीं, फिर दरवाजे पर जोर-जोर से लात मारकर उसे तोड़ दिया। इसके बाद दोनों युवक घर के अंदर घुस आए और मां-बहन को अश्लील गालियां देते हुए महिला के बेटे सागर को जान से मारने की धमकी देने लगे।
लोहे के चापड़ से दहशत, बेटे को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा
पीड़िता के अनुसार आरोपी पूरी तैयारी के साथ आए थे। उनके हाथों में लोहे का चापड़ था, जिसे वे लहराते हुए सागर को डराने लगे। इसके बाद दोनों ने मिलकर सागर को दौड़ा-दौड़ाकर हाथ-मुक्कों से बेरहमी से पीटा, जिससे उसे चोटें आईं। घर के भीतर चीख-पुकार मच गई। महिला ने डर के मारे जोर-जोर से “बचाव-बचाव” की आवाज लगाई, जिसे सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे।
लोगों को आते देख फरार हुए आरोपी
स्थानीय लोगों को आता देख दोनों आरोपी मौके से भाग निकले। जाते वक्त वे अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 CJ 1478 से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। पीड़ित परिवार ने तुरंत थाना सुपेला पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई।
कुख्यात आरोपी और अपचारी बालक पुलिस गिरफ्त में
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित विवेचना शुरू की। जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी जय कुमार रेड्डी और एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया गया। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त लोहे का चापड़ और मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
थाना सुपेला में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 33/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 351(3), 324(2), 331(6), 3(5) बीएनएस तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पहले से दर्ज हैं गंभीर अपराध
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुख्य आरोपी जय कुमार रेड्डी कोई नया नाम नहीं है। उसके खिलाफ थाना पुरानी भिलाई में वर्ष 2023 में बलवा और दोहरे हत्या का गंभीर मामला दर्ज है। वहीं थाना खुर्सीपार में भी 2025 में मारपीट और धमकी से जुड़े अपराध दर्ज हैं। लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने के कारण आरोपी को क्षेत्र का कुख्यात बदमाश माना जा रहा है।
मड़ई मेले में असामाजिक तत्वों पर सख्ती
इधर, दुर्ग पुलिस ने नंदनी नगर थाना क्षेत्र में 7 से 9 जनवरी 2026 तक आयोजित मड़ई मेले को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए विशेष पुलिस व्यवस्था तैनात की थी। मेले के दौरान असामाजिक तत्वों और संदिग्धों पर कड़ी नजर रखी जा रही थी। इसी दौरान पुलिस ने अभियान चलाकर बड़े-बड़े लोहे के कड़े पहनकर घूम रहे युवकों को रोका।
400 लोहे के कड़े जब्त, दी सख्त हिदायत
पुलिस ने मेले में दहशत फैलाने की नीयत से लोहे के कड़े पहनकर घूम रहे युवकों से करीब 400 लोहे के कड़े उतरवाकर जब्त किए। सभी को सख्त हिदायत दी गई कि भविष्य में इस तरह की हरकत दोहराई गई तो कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



