पुलगांव में दिव्यांग महिला की हत्या, टेमरी नाला के पास मिला था सिर कुचला शव, पुलिस जांच में जुटी
दुर्ग जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई थी जब ग्राम दमोदा स्थित टेमरी नाला के पास 30 वर्षीय महिला का सिर कुचला शव मिला। मृतका की पहचान गंगोत्री के रूप में हुई है, जो पोटिया चौक में किराए के मकान में रहती थी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शनिवार सुबह ग्रामीणों ने टेमरी नाला के पास खून से लथपथ महिला का शव देखकर पुलगांव पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस, क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक टीम ने जांच शुरू की। मृतका गंगोत्री मूलतः चरोदा की रहने वाली थी और पिछले कुछ महीनों से पोटिया चौक स्थित भीम सिंह देवांगन के मकान में 2500 रुपए किराए पर रह रही थी।
परिजनों के अनुसार, शुक्रवार रात लगभग 8:30 बजे वह खाना खाने जा रही हूं कहकर घर से निकली थी, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटी। गंगोत्री दिव्यांग थी और उसका एक पैर छोटा था। बताया जा रहा है कि उसने कई लोगों से पैसे भी ले रखे थे।
पुलिस जांच में पाया गया कि महिला पर सिर पर गंभीर वार कर उसकी हत्या की गई है, संभवतः पहचान मिटाने के उद्देश्य से। शव से लगभग 50 मीटर दूर उसकी सैंडल बरामद हुई। शव पर घसीटे जाने के निशान भी पाए गए हैं। महिला ने गुलाबी रंग का सूट पहना हुआ था।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। मोबाइल टावर डाटा और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।



