Janjgir champa News – धान खरीदी पर विपक्ष भ्रामक आंकड़े न पेश करे: विष्णुदेव साय सरकार किसानों से किए वादों पर खरी उतरेगी – इंजी.रवि पाण्डेय
जांजगीर चांपा/जिले में धान खरीदी को लेकर कांग्रेस द्वारा किए गए आंदोलन और अनुविभागीय कार्यालय के घेराव पर भाजपा किसान मोर्चा ने कड़ा पलटवार किया है। भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता इंजीनियर रवि पाण्डेय ने कहा कि विपक्ष को किसानों के नाम पर भ्रामक आंकड़े प्रस्तुत कर जनता को गुमराह नहीं करना चाहिए। के नेतृत्व वाली सरकार किसानों से किए गए वादों पर शत-प्रतिशत खरी उतरेगी।
पिछले और वर्तमान वर्ष के आंकड़े रखे सामने….
उन्होंने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में जांजगीर-चांपा जिले में पंजीकृत 1,26,949 किसानों में से 1,19,517 किसानों यानी लगभग 94 प्रतिशत किसानों ने अपना धान बेचा था। वहीं वर्तमान विपणन वर्ष 2025-26 में पंजीकृत 1,26,043 किसानों में से अब तक 1,11,517 किसान, यानी लगभग 93 प्रतिशत किसान धान विक्रय कर चुके हैं। धान खरीदी के लिए अभी भी चार दिनों की समय-सीमा शेष है।
टोकन जारी होने के बावजूद खरीदी नहीं होने का आरोप गलत…
प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि जारी टोकन पर धान खरीदी नहीं होने की बातें भी तथ्यहीन हैं। जिले में कुल 1,27,303 टोकन जारी किए गए थे, जिन पर 6,16,376 मीट्रिक टन धान की खरीदी होनी थी। इसके विरुद्ध अब तक 6,05,318 मीट्रिक टन धान की खरीदी हो चुकी है, जो लगभग 98 प्रतिशत है।
शेष किसानों के लिए जल्द जारी होंगे टोकन…
इंजी. पाण्डेय ने स्पष्ट किया कि जिन किसानों के टोकन संबंधी आवेदन अभी प्राप्त हुए हैं, उनका सहकारिता विभाग द्वारा सत्यापन किया जा रहा है। एक-दो दिनों के भीतर टोकन जारी कर सभी किसानों का धान खरीदा जाएगा।
उन्होंने दोहराया कि विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य की सुशासन सरकार किसानों के हित में किए गए हर वादे को पूरी प्रतिबद्धता के साथ पूरा करेगी।



