अवैध कच्ची महुआ शराब मामला: फरार आरोपी गिरफ्तार, कार बरामद
जांजगीर-चांपा। अवैध कच्ची महुआ शराब की बिक्री के मामले में थाना नवागढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक कार भी बरामद की है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे अवैध शराब विरोधी अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार 6 जनवरी 2026 को ग्राम कटोद में छापेमार कार्रवाई के दौरान लावारिस हालत में 300 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद की गई थी। साथ ही अलग-अलग 8 ट्रम में भरे भारी मात्रा में महुआ लहान को मौके पर ही नष्ट किया गया तथा शराब बनाने के बर्तन जब्त किए गए थे।
प्रकरण में फरार आरोपी नीतीश बंजारे को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अवैध महुआ शराब बिक्री का जुर्म स्वीकार किया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।



