डरा रही यमुना! ताजमहल में कभी भी आ सकती है बाढ़, आस-पास के ये इलाके पूरी तरह डूबे
आगरा। यमुना ताजमहल को स्पर्श करने के लिए बढ़ रही है। ताजमहल के पीछे गार्डन में पानी भर चुका है। वर्ष 2023 में यमुना के जलस्तर ने जब 499 फीट के आंकड़े को पार किया था, तब नदी ने स्मारक की दीवार को छुआ था।
गुरुवार शाम यमुना 497.6 फीट के स्तर पर पहुंच गई। यमुना के जलस्तर में डेढ़ फीट की वृद्धि होने पर वह ताजमहल की उत्तरी दीवार को छू लेगी। शुक्रवार व शनिवार को यमुना के जलस्तर में अधिक वृद्धि देखने को मिल सकती है।
गुरुवार को यमुना के जलस्तर में वृद्धि का नदी किनारे स्थित स्मारकों पर भी प्रभाव देखने को मिला। एत्माद्दौला की यमुना किनारा स्थित कोठरियों में यमुना का जल करीब ढाई फीट के स्तर तक पहुंच गया है।

ताजगंज मोक्ष धाम पर गुरुवार को यमुना को देखने पहुंचे लोग
कोठरियों के आधे दरवाजे पानी में डूबे हुए हैं। मेहताब बाग में दक्षिण-पूर्वी बुर्जी के किनारे से पानी अंदर पहुंचा है। उधर आगरा किला के सामने स्थित कारिडोर पर यमुना का पानी किनारे-किनारे भर गया है। ताजमहल के पार्श्व में दशहरा घाट के ऊपर यमुना का पानी बह रहा है। गुरुवार सुबह कुएं तक पानी पहुंच गया था।

एत्माद्दौला की कोठरियों में करीब ढाई फीट की ऊंचाई तक पानी पहुंच गया है।

ताजमहल के पार्श्व में स्थित गार्डन में पहुंचा यमुना का पानी।



