जिला पंचायत की कार्रवाई, सचिव महेन्द्र कुमार चन्द्रा निलंबित
जिला पंचायत सक्ती प्रशासन ने लापरवाही और वित्तीय अनियमितता के आरोपों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत मरघट्टी के सचिव महेन्द्र कुमार चन्द्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह आदेश जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा 6 नवम्बर 2025 को जारी किया गया। जनपद पंचायत मालखरौदा से प्राप्त शिकायत में बताया गया था कि सचिव द्वारा 15वें वित्त तथा अन्य योजनाओं के कार्यों में भारी लापरवाही बरती जा रही है। ग्रामीणों की शिकायत के आधार पर कराई गई जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर जिला पंचायत ने यह सख्त कदम उठाया है। जांच रिपोर्ट में पाया गया कि सचिव महेन्द्र कुमार चन्द्रा द्वारा कार्यों के क्रियान्वयन में गंभीर अनियमितता की गई है। साथ ही योजनाओं के संचालन में निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन नहीं किया गया। जांच अधिकारियों ने इसे प्रशासनिक जिम्मेदारी की अवहेलना बताते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की थी।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत सक्ती द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि सचिव को तत्काल प्रभाव से पद से मुक्त करते हुए निलंबित किया जाता है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय मालखरौदा निर्धारित किया गया है। इस दौरान उन्हें वहीं उपस्थित रहना होगा और विभागीय आदेशों का पालन करना होगा। वहीं, जनपद पंचायत मालखरौदा को निर्देशित किया गया है कि ग्राम पंचायत मरघट्टी के कार्य प्रभावित न हों, इसके लिए प्रभारी सचिव की नियुक्ति का प्रस्ताव तत्काल प्रस्तुत किया जाए। प्रशासनिक सूत्रों ने बताया कि यह कार्रवाई पंचायत व्यवस्था में जवाबदेही और पारदर्शिता कायम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। जिला पंचायत प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि भविष्य में भी किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



