सीएम साय ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से की सौजन्य भेंट, रजत जयंती उत्सव का दिया निमंत्रण
नई दिल्ली / रायपुर: छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय दिल्ली दौरे पर हैं. यहां वे देश के राजनेताओं से मुलाकात कर रहे हैं. इस क्रम में सीएम साय ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की है. सीएम विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया साइट पर इस बात की जानकारी साझा करते हुए इस मुलाकात को सौजन्य भेंट बताया. सीएम साय ने राष्ट्रपति को रजत जयंती उत्सव में आमंत्रित किया है.
सीएम विष्णुदेव साय ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती वर्ष के बारे में बताया. उन्होंने महामहिम को जानकारी दी कि साल 2025 छत्तीसगढ़ राज्य के गठन की रजत जयंती वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है. मुख्यमंत्री ने रजत जयंती वर्ष के विशेष अवसर पर राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों, जनकल्याण और सांस्कृतिक गौरव से जुड़े कार्यक्रमों की जानकारी भी राष्ट्रपति को दी.
मुख्यमंत्री साय ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को छत्तीसगढ़ आगमन हेतु सादर आमंत्रित किया. इस आमंत्रण पर राष्ट्रपति ने सीएम विष्णुदेव साय को छत्तीसगढ़ राज्य की रजत जयंती वर्षगांठ की हार्दिक शुभकामनाएं दीं. उन्होंने राज्य के सर्वांगीण विकास और जनकल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रदेश की निरंतर प्रगति और समृद्धि की कामना की है.



