महासमुंद में देह व्यापार का भंडाफोड़: नगर पंचायत अध्यक्ष की पत्नी और पार्षदों ने पकड़ीं 4 महिलाएं, पुलिस को सौंपा
छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के तुमगांव में नेशनल हाईवे 53 के किनारे चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़ हुआ है। नगर पंचायत अध्यक्ष की पत्नी राधा साहू और पार्षदों ने एक घर पर छापा मारकर चार महिलाओं को पकड़ा है।
पकड़ी गई महिलाएं मुंबई, अंबिकापुर, रायपुर और धमतरी की रहने वाली हैं। इनकी उम्र 25 से 48 वर्ष के बीच है। छापेमारी के दौरान कुछ युवक खेतों की तरफ भाग निकले।
नगर पंचायत अध्यक्ष बलरामकांत साहू ने कुछ दिन पहले पुलिस को देह व्यापार और अवैध शराब बिक्री रोकने का आवेदन दिया था। लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। उल्टे एक महिला की झूठी शिकायत पर अध्यक्ष को गिरफ्तार कर लिया।
पार्षद रामशरण निर्मलकर, गौतम सिन्हा, शत्रुघन निषाद, रोहित साहू, लता यादव और गौरी साहू का कहना है कि यह धंधा पिछले तीन दशक से चल रहा है। पुलिस को इसकी जानकारी है, लेकिन सिर्फ खानापूर्ति की जाती है।
राधा साहू ने बताया कि सूचना मिलने पर वे पार्षदों और अन्य महिलाओं के साथ मौके पर पहुंचीं। पकड़ी गई महिलाओं को पुलिस के हवाले कर दिया गया है। अब इन पर कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।
बता दें कि 29 अगस्त को नगर पंचायत अध्यक्ष बलरामकांत साहू और कुछ पार्षदों ने संयुक्त रूप से नगर पंचायत क्षेत्र में देह व्यापार और अवैध रूप से शराब बिक्री बंद कराने आवेदन दिया था। इसके ठीक दूसरे दिन यानि 30 अगस्त को देह व्यापार में संलिप्त एक महिला द्वारा छेड़छाड़ की शिकायत पर नगर पंचायत अध्यक्ष बलरामकांत साहू को सुबह 5 बजे घर से पुलिस फोर्स गिरफ्तार कर तुमगांव थाने ले आई। और न्यायालय में पेश किया गया। जहां से न्यायिक रिमांड पर अध्यक्ष को जेल भेज दिया गया।
एडिशनल एसपी प्रतिभा पाण्डेय ने बताया कि नगर पंचायत की महिलाओं द्वारा कुछ महिलाओं को पकड़ कर पुलिस के हवाले की है। इन लोगों का आरोप है कि ये अनैतिक कार्य में संलिप्त है। पुलिस सभी महिलाओं से पूछताछ कर रही है। यदि पीटा एक्ट के तहत कार्य करने की पुष्टि होती है तो पीटा एक्ट के तहत या फिर जो तथ्य सामने आयेंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जायेगी।



