Big News हाईवा का कहर, शिक्षिका की दर्दनाक मौत; आरोपी चालक गिरफ्तार..
दुर्ग जिले के पाटन–भखारा (कुरूद) मार्ग पर ग्राम कौही के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में शिक्षिका की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार हाईवा ट्रक ने एक्टिवा सवार शिक्षिका को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
हादसे में जान गंवाने वाली शिक्षिका की पहचान मधुबाला चंद्राकर (48 वर्ष), पिता शिवनारायण चंद्राकर, निवासी कुरूद के रूप में हुई है। वे ग्राम बगौद स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय में शिक्षिका के पद पर पदस्थ थीं। जानकारी के अनुसार, मधुबाला अपने एक्टिवा वाहन क्रमांक CG05 AG 1468 से अपने मायके ग्राम आमालोरी जा रही थीं।
बताया जा रहा है कि जैसे ही वे ग्राम कौही के पास एक मोड़ पर पहुंचीं, उसी दौरान तेज गति और लापरवाही से आ रहे हाईवा ट्रक ने उनकी एक्टिवा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शिक्षिका सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके पर ही रुक गया।
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने मानवीय संवेदना दिखाते हुए घायल शिक्षिका को पाटन शासकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। शिक्षिका की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतका अपने पीछे दो बेटियों को छोड़ गई हैं, जबकि उनके पति कृषक हैं। स्कूल स्टाफ, ग्रामीणों और परिचितों में शोक की लहर फैल गई है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई। पुलिस ने हाईवा ट्रक को जब्त कर आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने से मौत का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
इस घटना ने एक बार फिर पाटन–भखारा मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लचर यातायात व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मार्ग पर सख्त ट्रैफिक नियंत्रण, स्पीड ब्रेकर और निगरानी बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।



