नवजोत सिंह सिद्धू की वजह से हुआ अर्चना पुरन सिंह का दाहिना कान खराब? हुआ बड़ा खुलासा
कपिल शर्मा के शो ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ के नए सीजन की स्ट्रीमिंग नेटफ्लिक्स पर हो रही है. शो को नवजोत सिंह सिद्धू और अर्चना पूरन सिंह जज करते हुए दिखाई दे रहे हैं. शो के प्रमोशन के दौरान अर्चना से पूछा गया कि वो इतना अपमान क्यों सहती रहती हैं.
अर्चना ने इस पर दिल छू लेने वाला जवाब दिया. इसी दौरान उनके बगल में बैठे हुए कृष्णा अभिषेक ने मजाक उड़ाते हुए कहा कि पैसा है इसके पीछे की वजह. शो के प्रमोशन के दौरान कीकू शारदा ने बताया कि उनकी मां हमेशा फोन पर पूछती हैं कि आखिर अर्चना पूरन सिंह जैसी सीनियर आर्टिस्ट का अपमान क्यों होता है.
अर्चना ने दिया ये जवाब
अर्चना ने इस पर कहा,’बहुत से लोग सोशल मीडिया पर मुझसे पूछते हैं कि मैं शो में अपमान क्यों बर्दाश्त करती हूं. पहली बात तो ये है ही नहीं, इसे रोस्टिंग कहा जाता है. दोनों साइड के लोग रोस्टिंग में अपनी मर्जी से हिस्सा लेते हैं. हमारी पूरी टीम के बीच प्रशंसा और आपसी सम्मान का भाव है. वो मेरे साथ कभी भी दुर्व्यवहार नहीं कर सकते ये मैं जानती हूं.मैं कपिल, सुनील, कृष्णा और कीकू को इतना प्यार करती हूं कि वो दो कुछ कहें, मुझे कभी बुरा नहीं लगता. ये सब बातें वो बहुत प्यार से कहते हैं.’
कृष्णा अभिषेक ने माहौल को हल्का करने के लिए कहा,’ प्यार तो है, लेकिन मैं आपको बता दूं, अर्चना जी मोटी फीस लेती हैं.‘इसके बाद एक फैन के सवाल का जवाब देते हुए अर्चना ने ये कहा कि उन्हें नवजोत सिंह सिद्धू की हंसी पर रोक लगाने का मन करता है.
उन्होंने कहा,’सिद्धू को हंसी के बटन पर रोक लगाने की जरूरत है, क्योंवि वो इतना जोर से हंसते हैं. सबको लगता है कि मैं जोर से हंसती हूं, लेकिन वो मुझसे भी ज्यादा जोर से हंसते हैं. उनकी हंसी की वजह से अब मेरे दाहिने कान से थोड़ा कम सुनाई देने लगा है. वो चुटकुला खत्म होने के बाद भी हंसते रहते हैं.’



