जिले में आंगनबाड़ी सह पालना केन्द्र का शुभारंभ, कामकाजी महिलाओं के बच्चों को मिलेगा विशेष लाभ

जिले में आंगनबाड़ी सह पालना केन्द्र का शुभारंभ, कामकाजी महिलाओं के बच्चों को मिलेगा विशेष लाभ
जांजगीर – चांपा जिले में कामकाजी महिलाओं के बच्चों की देखभाल के लिए आंगनबाड़ी सह पालना केन्द्र का शुभारंभ किया गया। इन केन्द्रों का उद्देश्य औद्योगिक क्षेत्रों, शहरी कामकाजी महिलाओं, घरेलु वर्कर, और कृषि मजदूर महिलाओं के बच्चों को बेहतर देखभाल और सुविधा प्रदान करना है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग ने जानकारी दी कि इन केन्द्रों में 6 माह से 6 वर्ष तक के बच्चों के लिए व्यवस्था की गई है। केन्द्र का संचालन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक होगा, जहां बच्चों को तीन बार आहार, गरम भोजन और पोषक तत्व दिए जाएंगे। बच्चों के खेल और स्वास्थ्य की भी विशेष व्यवस्था की गई है।
जिले में बम्हनीडीह, अकलतरा और नवागढ़ परियोजनाओं के तहत विभिन्न स्थानों पर इन पालना केन्द्रों का संचालन किया गया है। चांपा में गौशाला क्रमांक 1, गौशाला क्रमांक 2 और प्रेमनगर क्रमांक 2 में, अकलतरा के वार्ड क्रमांक 18 लेबर कॉलोनी में और शिवरीनाराण के वार्ड क्रमांक 1 में पालना केन्द्रों का शुभारंभ हुआ है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि इन केन्द्रों से लगभग 122 बच्चे लाभान्वित हो रहे हैं। पालना केन्द्रों में बच्चों के लिए आंतरिक खेल सामग्री जैसे डॉल, झूला, और रॉकर भी उपलब्ध कराए गए हैं। साथ ही, बच्चों के स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से की जाएगी।
पालना केन्द्रों के शुभारंभ से जिले में कामकाजी महिलाओं को राहत मिलेगी, और उनके बच्चों को बेहतर देखभाल व पोषण मिलेगा।