मुस्कान बस और बाइक की भीषण भिड़ंत, तीन लोगों की मौके पर मौत
एक ही बाइक पर सवार होकर रामनाम सप्ताह में गायन करने जा रहे थे तीनों मृतक, हादसे के बाद क्षेत्र में मचा हड़कंप
सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र अंतर्गत छवारिपाली पेट्रोल पंप के पास रविवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। रायपुर से डभरा की ओर आ रही तेज रफ्तार मुस्कान बस ने एक मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक सवार तीनों लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, तीनों मृतक ग्राम दर्री के रहने वाले थे। उनकी पहचान हरिशंकर चौहान (40) पिता बंसीधर चौहान, मोहरदास बैरागी (55) पिता बुद्धेश्वर दास बैरागी और शेतकुमार पटेल (62) पिता हरिप्रसाद पटेल के रूप में बताई जा रही है। तीनों एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर सपोस में आयोजित रामनाम सप्ताह कार्यक्रम में गायन करने जा रहे थे। इसी दौरान छवारिपाली पेट्रोल पंप के पास बस और बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई।
एक ही बाइक पर सवार तीन लोगों की मौत की खबर से इलाके में शोक और हड़कंप का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही डभरा पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।



