मेले में चैन स्नैचिंग करने वाले गिरोह की 04 महिलाएं गिरफ्तार, आरोपियों से लूटपाट की हुई दो सोने की चैन बरामद…
रायगढ़ जिले के थाना घरघोड़ा क्षेत्र में इन दिनों गांव में रथ मेले का आयोजन चल रहा है, जहां पॉकेटमारी और चैन स्नेचिंग की घटनाएं बढ़ गई हैं। भीड़ में चैन स्नैचिंग करने वाले गिरोह की 04 महिलाओं को रंगे हाथ ग्रामीणों ने पकड़ा।
घरघोड़ा पुलिस ने महिला आरोपियों से 02 सोने की चैन बरामद की हैं। पूछताछ में इन महिलाओं ने अपने गिरोह में दो पुरुष सदस्यों की भी संलिप्तता बताई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
10 जुलाई को थाना घरघोड़ा में वीना राठिया ने शिकायत दर्ज कराई कि ग्राम कोगनारा के रथ मेला में उनके और कलेन्द्री राठिया के गले से सोने की माला लूट ली गई। आरोपी महिलाएं आरती गिरी, राधा बाई, हेमाबाई गिरी, और तिरथनी बाई हैं।
एक अन्य घटना में ग्राम बनई रथ मेला में श्रीमती दीपिका राठिया और लक्ष्मी राठिया, ओमवती राठिया के गले से सोने की माला लूटने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। दोनों मामलों में लूटपाट के अपराध पंजीबद्ध किए गए हैं।
पकड़ी गई महिला आरोपियों ने बताया कि उन्होंने राहुल गिरी गोस्वामी और रविन्द्र गिरी गोस्वामी के साथ मिलकर घरघोड़ा क्षेत्र में हर वर्ष होने वाले रथ मेले में महिलाओं के गले से सोने के आभूषण लूटने की योजना बनाई थी। उन्होंने 8 जुलाई को तीन महिलाओं के गले से सोने की माला लूट ली और राहुल और रविन्द्र को सौंप दी। 9 जुलाई को भी दो महिलाओं के गले से माला लूट ली, लेकिन ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ लिया। पकड़े जाने पर राहुल और रविन्द्र वहां से भाग निकले।
पुलिस ने हेमाबाई गिरी गोस्वामी और राधाबाई गोस्वामी से लूटे गए सोने की माला बरामद की है, जिनकी कीमत 65,000 रूपये बताई जा रही है। फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए निरीक्षक अमित तिवारी के नेतृत्व में पुलिस दबिश दे रही है। गिरफ्तार महिला आरोपियों को रिमांड पर भेज दिया गया है।
**गिरफ्तार महिला आरोपी:**
1. हेमाबाई गिरी गोस्वामी, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम कोनकोना।
2. तिरथनी गिरी गोस्वामी, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम कोनकोना।
3. राधा बाई गोस्वामी, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम नवानगर।
4. आरती गिरी गोस्वामी, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम नवानगर।
**फरार आरोपी:**
1. राहुल गिरी गोस्वामी, निवासी ग्राम नवानगर।
2. रविन्द्र गिरी गोस्वामी, नि
वासी ग्राम कोनकोना।



