साइकिल मिलते ही छात्राओं के चेहरे पर आई मुस्कान
सरस्वती साइकिल योजना के तहत हसौद स्कूल की कक्षा 9वीं की छात्राओं को मिला लाभ
हसौद। बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित सरस्वती साइकिल योजना के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हसौद में कक्षा 9वीं की छात्राओं को साइकिल वितरित की गई। साइकिल मिलने के बाद छात्राओं में खासा उत्साह नजर आया। छात्राओं ने कहा कि अब उन्हें स्कूल आने-जाने में सहूलियत होगी और समय की भी बचत होगी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सुशीला सिन्हा ने छात्राओं को साइकिल वितरित करते हुए कहा कि शासन की यह योजना विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों के लिए काफी उपयोगी है। आवागमन की सुविधा मिलने से छात्राएं नियमित रूप से स्कूल आ सकेंगी और अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगी।
बेटियों की शिक्षा में संसाधनों की कमी नहीं आने देंगे : रितेश साहू
जनभागीदारी समिति अध्यक्ष एवं युवा मोर्चा जिला महामंत्री रितेश साहू ने कहा कि बेटियां समाज की शक्ति हैं। उन्हें आगे बढ़ने के लिए शिक्षा के साथ बेहतर संसाधन उपलब्ध कराना जरूरी है। सरस्वती साइकिल योजना छात्राओं को स्कूल तक पहुंचने में सुविधा देने के साथ उनकी शिक्षा की निरंतरता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने छात्राओं से साइकिल का सदुपयोग कर नियमित रूप से विद्यालय आने और मेहनत के साथ अपने सपनों को पूरा करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सरपंच कैलास बंजारे, शिवचरण ज्वाला, भाजपा मंडल महामंत्री जगेश्वर चंद्रा सहित विद्यालय के प्राचार्य राजकुमार प्रजापति एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। अतिथियों ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा ही आत्मनिर्भरता और सशक्त समाज की नींव है।
प्राचार्य राजकुमार प्रजापति ने कहा कि साइकिल मिलने से छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी। इससे उनकी नियमित उपस्थिति बढ़ेगी और पढ़ाई में भी निरंतरता बनी रहेगी। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने शासन की इस पहल के प्रति खुशी जताते हुए इसे पढ़ाई के लिए उपयोगी बताया।



