तरबूज खाने के बाद बच्चे की मौत मामले में प्रशासन अलर्ट, कलेक्टर ने लिया तत्काल संज्ञान, धुरकोट गांव में स्वास्थ्य विभाग की जांच, तरबूज के सैंपल भेजे गए लैब
जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम धुरकोट में तरबूज खाने के बाद एक बच्चे की मौत और तीन अन्य बच्चों के बीमार होने के मामले में जिला प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लिया है। जन्मेजय महोबे के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम और संबंधित एसडीएम को जिला अस्पताल भेजा गया।
जानकारी के अनुसार बच्चों ने तरबूज और चिकन खाने के बाद पेट दर्द और तबीयत बिगड़ने की शिकायत की थी। उपचार के लिए अस्पताल ले जाते समय एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य बच्चों का इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक भर्ती बच्चों की हालत अब सामान्य बताई जा रही है।
सिविल सर्जन एस. कुजूर ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित तरबूज के सैंपल जांच के लिए भेज दिए गए हैं। वहीं मृत बच्चे का पोस्टमार्टम कर विसरा सुरक्षित रखा गया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
कलेक्टर के निर्देश पर मेडिकल टीम गांव पहुंचकर संबंधित परिवार और आसपास के लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर रही है। साथ ही तहसीलदार को गांव में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने कहा है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



