चंद्रपुर बस स्टैंड में बड़ा हादसा, हवा भरने वाला टैंक फटा; 23 वर्षीय युवक की मौत, हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
चंद्रपुर बस स्टैंड क्षेत्र में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित बस स्टैंड के पास माधव मेडिकल के सामने हवा भरने वाला टैंक अचानक तेज धमाके के साथ फट गया। हादसे में 23 वर्षीय युवक जुनैद खान की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक की पहचान जुनैद खान पिता फिरोज खान, निवासी वार्ड नंबर 4 मंडी पारा चंद्रपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक की कुछ समय पहले ही शादी हुई थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टैंक फटने की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास का पूरा इलाका दहल उठा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। वहीं युवक की मौत के बाद परिवार में मातम का माहौल है।



