पुरानी भिलाई में सट्टा पर पुलिस की कार्रवाई, 5,500 रुपये नगद सहित आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग जिले में अवैध जुआ-सट्टा के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना पुरानी भिलाई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को सट्टा संचालित करते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, 8 अप्रैल 2026 को पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चरोदा स्थित संडे मार्केट में एक व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर अंकों के आधार पर रुपए-पैसों का दांव लगाकर सट्टा चला रहा है। सूचना मिलते ही सहायक उप निरीक्षक रामस्वरूप कुरेशिया के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रेड कार्रवाई कर आरोपी को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान प्रफुल्ल प्रधान (68 वर्ष), निवासी राजीव नगर, चरोदा के रूप में हुई। पुलिस ने उसके कब्जे से 5,500 रुपये नगद, सट्टा पट्टी और एक डॉट पेन जब्त किया है।
आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने कहा कि आरोपी अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से सट्टा संचालित कर रहा था। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ऐसी अवैध गतिविधियों से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध जानकारी की सूचना तुरंत पुलिस को दें।



