जांजगीर चांपा में लूट का फरार आरोपी 75 दिन बाद गिरफ्तार पूर्व में एक आरोपी की हो चुकी गिरफ्तारी
जांजगीर-चांपा जिले के थाना मुलमुला पुलिस को लूट के मामले में फरार आरोपी को पकड़ने में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ग्राम कोसा पचरीपारा निवासी संदीप बंदे (34 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार 9 जनवरी 2026 की रात ग्राम खपरी निवासी वीरू कुर्रे अपने चचेरे भाई संतकुमार कुर्रे के साथ मोटरसाइकिल से लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम कोसा मेन रोड पर नवल सिंह के घर के पास दो युवकों ने उनका रास्ता रोककर गाली-गलौच और मारपीट की तथा उनसे 3500 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन लूट लिए।
मामले की रिपोर्ट पर थाना मुलमुला में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में टीम ने पहले एक आरोपी विकास भंडारी उर्फ चकरी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
वहीं दूसरे फरार आरोपी संदीप बंदे को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उसके पास से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और 500 रुपये नकद बरामद किए गए।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पारस पटेल सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।



