जांजगीर-चांपा जिले के थाना बलौदा पुलिस ने छेड़छाड़ के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जयप्रकाश यादव (21 वर्ष) निवासी पनोरापारा, थाना बलौदा के रूप में हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी ने रात के समय सुनसान का फायदा उठाकर एक युवती के साथ छेड़छाड़ की। जब युवती ने विरोध किया तो आरोपी ने गाली-गलौच करते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गया। पीड़िता की शिकायत पर थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 119/2026 धारा 74, 296, 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।



