अगले पीएम के तौर पर सबसे बेहतर चेहरा कौन, सर्वे में देखें किसने बनाई बढ़त
नई दिल्ली : देश में अगले प्रधानमंत्री के तौर पर सबसे बेहतर चेहरा कौन है। सी-वोटर की तरफ से इस संबंध में एक साल के दौरान सर्वे किया गया। सर्वे में लोगों ने पीएम के तौर पर सबसे बेहतर चेहरे को लेकर अपनी राय रखी। लोगों ने विकल्प के रूप में पीएम मोदी, राहुल गांधी , ममता बनर्जी जैसे नेताओं के नाम पर अपनी राय दी। सर्वे में एक बार फिर सबसे अधिक लोगों ने नरेंद्र मोदी को पीएम चेहरे के रूप में पसंद किया।
किस नेता को कितना समर्थन?
देश के प्रधानमंत्री के रूप में सबसे बेहतर चेहरे के रूप में सर्वे में नरेंद्र मोदी को सबसे अधिक 55 फीसदी लोगों ने पसंद किया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी प्रधानमंत्री के चेहरे के रूप में 27 फीसदी लोगों की पसंद रहे। सर्वे में दो प्रतिशत लोग ऐसे थे जिन्होंने प्रधानमंत्री के चेहरे के रूप में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को पसंद किया। खास बात है कि 2014 के बाद अबतक जितने भी सर्वे हुए हैं उनमें नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता पीएम के रूप में सबसे अधिक रही है।
देश में अब तक का सबसे बेहतर पीएम कौन?
सर्वे में देश में अब तक का सबसे बेहतर पीएम कौन का भी सवाल पूछा गया। इस सवाल पर भी नरेंद्र मोदी को सबसे अधिक लोगों ने पसंद किया। दूसरे नंबर पर इंदिरा गांधी और अटल बिहारी वाजपेयी लोगों की पसंद के रूप में सामने आए। देश के अब तक के सबसे बेहतर प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी को 50 फीसदी लोगों ने पसंद किया। वहीं, इंदिरा गांधी को 12 फीसदी लोगों ने अब तक सबसे बेहतर प्रधानमंत्री बताया। अटल बिहारी को भी सर्वे में 12 फीसदी लोगों ने अब तक का सबसे बेहतर प्रधानमंत्री बताया।



