गदहीडीह हत्या मामला: चाकू से प्राणघातक हमला, 04 आरोपी गिरफ्तार
बलौदाबाजार: ग्राम गदहीडीह में चाकू से प्राणघातक हमला कर युवक की हत्या करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना लवन में दर्ज अपराध क्रमांक 22/2026 धारा 103(1), 3(5) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत यह कार्रवाई की गई।
प्रार्थी धनऊ राम ध्रुव ने 10 जनवरी 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके पुत्र चुम्पेश्वर ध्रुव पर कुछ युवकों ने नशा करने की बात पर विवाद के दौरान चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। जिला अस्पताल बलौदाबाजार में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने चुम्पेश्वर को मृत घोषित कर दिया। मामले में पहले ही विधि से संघर्षरत एक बालक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि मुख्य आरोपी राहुल वर्मा फरार था।
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देश पर फरार आरोपी राहुल वर्मा सहित उसे भागने में सहयोग करने वाले दुलेश्वर प्रसाद निषाद, अमन कुमार चौहान एवं थानेश्वर वर्मा को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में राहुल वर्मा ने हत्या करना स्वीकार किया, वहीं अन्य तीनों ने उसे संश्रय देने की बात कबूली। चारों आरोपियों को 18 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह सहित पुलिस टीम का विशेष योगदान रहा।



