शादी की जिद में बेटे ने कुल्हाड़ी से की पिता की हत्या, कोर्ट ने सुनाई आजीवन कारावास की सजा
कोरबा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शादी की जिद में एक बेटे ने अपने ही पिता को मौत के घाट उतार दिया। बालको थाना क्षेत्र के दोंदरो गांव में हुए इस हत्याकांड में अब न्यायालय ने आरोपी बेटे को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।
घटना 16 जून 2024 की है। आरोपी अजय केवट, उम्र 30 वर्ष, अपने पिता 55 वर्षीय दिलचंद केवट के साथ रहता था। बताया गया कि अजय अपने विवाह न होने से मानसिक रूप से परेशान था। घटना की रात उसने पिता से इस बात को लेकर विवाद किया कि आखिर कब तक वह उनके लिए खाना बनाता रहेगा और घर की देखभाल करता रहेगा।
गुस्से में आकर अजय ने कुल्हाड़ी उठाई और पिता पर वार कर दिया। इस हमले में दिलचंद केवट की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद अजय खून से सना हुआ कुल्हाड़ी लेकर गली में चिल्लाते हुए निकला और गांव के पास एक स्कूल में छुप गया।
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
सरकारी अभिभाषक कृष्णा द्विवेदी ने बताया कि इस मामले की सुनवाई तृतीय अपर सत्र न्यायाधीश सुनील कुमार की अदालत में हुई। कोर्ट ने साक्ष्यों के आधार पर अजय केवट को दोषी मानते हुए उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।



