अमिताभ ने ‘T20 वर्ल्डकप’ में भारत की जीत पर जो लिखा, लोग बोले- विनती करते हैं, क्रिकेट मत देखा करिए आप
रविवार को गुजरात के अहमदाबाद स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए ‘आईसीसी टी20 विश्व कप 2026’ का मैच भारत के नाम रहा। इस रोमांचक मैच ने दिखा दिया कि हमारे देश के धुरंधर पूरे विश्व के सामने आज सबसे मजबूत हैं। इसी के साथ हमारा देश टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी को 3 बार जीतने वाला भारत पहला देश बन गया है। हम दुनिया के सामने एक बार फिर से चैंपियन बनकर खड़े हैं। बीती रात रविवार को टीम इंडिया की जीत के साथ ही देश भर में दिवाली जैसा माहौल नजर आया। वहीं तमाम हस्तियों ने भी टीम इंडिया को उनकी शानदार जीत की बधाई दी। इनमें से एक अमिताभ बच्चन भी हैं, जिन्होंने बड़े ही अलग अंदाज में टीम इंडिया को उनकी जीत की बधाई दी है।
रविवार को भारत और न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद में ICC टी20 वर्ल्ड कप फाइनल मुकाबला खेला गया। इस रोमांचक फाइनल में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 96 रनों के बड़े अंतर से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। यह जीत भारतीय क्रिकेट के लिए एक ऐतिहासिक पल साबित हुई, क्योंकि टीम ने दमदार प्रदर्शन के साथ विश्व कप ट्रॉफी घर ले आई है। इस शानदार जीत पर फिल्म जगत के तमाम सितारों ने टीम इंडिया को ढेरों बधाइयां दीं। आइए, जानते हैं अमिताभ ने ऐसा क्या लिखा कि लोग उन्हें पनौती कहते दिख रहे हैं।
अमिताभ बच्चन ने टीम इंडिया की जीत पर कही ये बात
अमिताभ बच्चन ने लिखा, ‘T 5679 – कहा था नहीं देखूंगा तो जीत जाएंगे ! हो गया।’ यानी साफ है कि अमिताभ भी वो टोटके किया करते हैं जो मैच में भारत की जीत के लिए लोग अक्सर अपने-अपने मन में पाल लिया करते हैं। हालांकि, अमिताभ का ये ट्वीट अब उनपर ही भारी पड़ रहा है।
लोगों ने कहा- पनौती हैं का जी आप?
एक ने कहा, ‘Lol, इनको अभी भी लगता है कि ये क्रिकेट के लिए पनौती हैं।’ वहीं एक और ने कहा- इसका मतलब है 2023 वाला विश्व कप आपकी वजह से हार गए हम। वहीं किसी और ने भी उन्हें सपोर्ट करते हुए लिखा, ‘मैंने भी सेम किया, आखिरी कुछ ओवर तक मैंने मैच नहीं देखा ताकि टीम इंडिया जीत जाए।’ किसी एक ने पूछा- पनौती हैं का जी आप? एक और शख्स ने लिखा, ‘मैं भी मैच इसी कारण से नहीं देखता था लेकिन आज देखा जीत गए।’ एक अन्य यूजर ने कहा, ‘विनती करते हैं, मत देखा कीजिए।’ एक यूजर ने लिखा, ‘अब पता चला पनौती है अब वोट भी मत देना देश बच जाएगा।’
टीम इंडिया की जीत पर अमिताभ से बोले लोग
अमिताभ के इस पोस्ट पर एक और यूजर ने लिखा, ‘आपके देखने से भी जीत ही जाते अमित जी, टीम ही अपनी इतनी धांसू है। बहुत धमाकेदार गेम पूरा टाइम इंडिया की तरफ से। वैसे सच में लगता है ऐसे की हमारे टीवी चलाते ही आउट होने लगते है तो सही है बंद हो रखो। मुझे टेनिस मैच देखते टाइम ऐसी फीलिंग आती है ज्यादा करके।’ एक और शख्स ने दिल की बात कहते हुए लिखा, ‘इसे कहते है चमत्कारी बाबा …. जय बाबा करोड़पति।’ एक ने लिखा, ‘तो अब पूरा देश आपको बोल रहा है – सर, आप अगले 10 साल तक टीवी ऑफ रखो, हम हर ट्रॉफी जीत लेंगे!’



