जांजगीर-चांपा : पेट्रोल पंप से 65 लाख का गबन, कर्मचारी समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा। जिले से बड़ी खबर सामने आई है, जहां पेट्रोल पंप में 65 लाख रुपये की गबन के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मामला बम्हनीडीह थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार प्रार्थी गगन जयपुरिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि सारागांव रोड स्थित प्योर पेट्रोलियम पेट्रोल पंप में कार्यरत नीरज कुमार साहू ने अपने पिता लोचन प्रसाद साहू और भाई धीरज कुमार साहू के साथ मिलकर षड्यंत्रपूर्वक 65 लाख रुपये का गबन किया है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडे (IPS) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में गठित टीम ने मुख्य आरोपी नीरज साहू को साइबर तकनीक की मदद से रायपुर से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह 2022 से पंप में काम कर रहा था और मालिक की अनुपस्थिति का फायदा उठाकर पूरी रकम गबन कर ली। उसने स्वीकार किया कि अधिकांश रकम जुआ और सट्टे में हार गया तथा कुछ रकम अपने पिता और भाई को ट्रैक्टर की किस्त भरने के लिए दी।
पुलिस ने आरोपियों से 50 हजार रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल और एक ट्रैक्टर जब्त किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 316(4), 316(5), 61(2) BNS के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।



