जांजगीर-चांपा में बुजुर्ग दुकानदार से मारपीट, तीन आरोपी गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा। सारागांव थाना क्षेत्र में बुजुर्ग दुकानदार से मारपीट करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम मुडपार निवासी 70 वर्षीय सुशील पाण्डेय ने थाना सारागांव में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 15 मार्च 2026 की रात करीब 12:30 बजे गांव के ही आनंद उर्फ पप्पू सूर्यवंशी, अविनाश सूर्यवंशी और विक्की सूर्यवंशी उनकी दुकान पर पहुंचे। आरोपियों ने सिगरेट और गुटखा लेने के बाद जब दुकानदार ने पैसे मांगे तो वे गाली-गलौज करने लगे।
इसके बाद आरोपियों ने दुकान का दरवाजा लात मारकर खोल दिया और अंदर घुसकर बुजुर्ग दुकानदार के साथ मारपीट की। इतना ही नहीं, आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
थाना प्रभारी राकेश कुमार सूर्यवंशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही और क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त संदेश भी दिया गया है।



